जमुई , मई 29 -- बिहार में जमुई जिले के बरहट थाना क्षेत्र में शुक्रवार की अहले सुबह अपराधियों ने एक शिक्षक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि लखीसराय जिले के कजरा पंचायत स्थित एक सरकारी विद्यालय के शिक्षक गौतम कुमार दास शुक्रवार की सुबह बाइक से जमुई रेलवे स्टेशन जा रहे थे, जहां से उन्हें ट्रेन पकड़कर स्कूल जाना था। इसी दौरान बिशनपुर गांव के समीप पूर्व से घात लगाए एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मलयपुर की ओर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल शिक्षक को सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें निजी क्लीनिक ले गए,जहां उनका इलाज चल रहा है।घायल शिक्षक पूर्व मुखिया महेश रविदास के पुत्र हैं, जबकि उनकी मां मोहनी देवी वर्तमान में पंचायत की मुखिया हैं।
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सतीश सुमन ने बताया कि तीन अज्ञात अपराधियों द्वारा शिक्षक को गोली मारने की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित