जमुई , मई 28 -- बिहार में जमुई जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबहट्रक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान बिरजू यादव ( 44) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिरजू यादव गुरुवार सुबह सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है,हालांकि चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।
इस बीच हादसे से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाने-बुझाने और उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त कराया गया।
गिद्धौर थानाध्यक्ष ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित