जमुई , अप्रैल 23 -- बिहार में जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र से पुलिस ने बुधवार को दो सरकारी शिक्षकों को जुआ खेलते हुये गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सूचना मिली थी कि खैरा स्थित शिव मंदिर के पीछे कचरा प्रसंस्करण इकाई में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही खैरा थाना अध्यक्ष मिंटू कुमार ने टीम के साथ मौके पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान चार लोगों को मौके पर ही जुआ खेलते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार लोगों में दो सरकारी शिक्षक शामिल हैं।

सूत्रों ने बताया कि पकड़े गए शिक्षकों की पहचान संजय यादव (उत्क्रमित मध्य विद्यालय, श्रृंगारपुर) और शिव कुमार शर्मा (उत्क्रमित मध्य विद्यालय, नोनियाटांड) के रूप में हुई है। इनके अलावा दीपक मिश्रा और पप्पू साव को भी गिरफ्तार किया गया है।

थाना अध्यक्ष ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित