जमुई , फरवरी 26 -- बिहार में जमुई जिले के चंद्रमंडी थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि बुधवाडीह गांव में बुधवार की शाम द्वारिका प्रसाद यादव (52)की पीट-पीट कर हत्या कर दी गयी।
मृतक द्वारिका प्रसाद यादव के पुत्र कुंदन यादव ने बताया कि बुधवार की देर शाम बगल के गांव बर्नपुर निवासी पिंटू यादव ने उनके पिता को चिकन पार्टी के बहाने बुलाया। पिंटू का घर उनके घर से करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर है। कुंदन ने बताया कि उनके पिता द्वारिका प्रसाद यादव और मंझले चाचा लालकिशोर यादव बाइक से वहां जा रहे थे। बाइक चला रहे लालकिशोर यादव थे, जबकि उनके पिता पीछे बैठे थे।तभी रास्ते में बांस की बाड़ी में पहले से घात लगाए बैठे संजय यादव सहित पांच से छह लोगों ने बाइक रोककर लाठी-डंडा, रॉड और कुदाल से हमला कर दिया। हमले के दौरान मंझले चाचा किसी तरह जान बचाकर भाग निकले, लेकिन उनके पिता को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। उनके दोनों हाथ-पैर और सिर में गंभीर चोटें आईं।घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
कुंदन यादव ने बताया कि संजय यादव उनके चचेरे चाचा हैं और पिछले दो वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही चंद्रमंडी थानाध्यक्ष गजेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ गुरुवार सुबह देवघर अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।यह पुरानी जमीनी विवाद का मामला है। मृतक द्वारिका प्रसाद यादव के बेटे के फर्द बयान पर पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित