जमुई , अप्रैल 06 -- बिहार में जमुई जिले के सदर प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को अवैध बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से पांच वर्षीय बच्ची की हुयी मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मंझवे गांव में आज दोपहर तेज रफ्तार अवैध बालू लदे ट्रैक्टर ने सड़क पार कर रही मोहम्मद अफसर आलम की पुत्री सालेहा खातून (05) को कुचल दिया। इस दुर्घटना में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गयी। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया।
सूत्रों ने बताया कि बच्ची की हुयी मौत से आक्रोशित लोगों ने बच्ची के शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया। मामले की जानकारी के बाद पुलिस और प्रशासन के वरीय अधकिारयों ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम को समाप्त कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। फरार ट्रैक्टर चालक की पहचान कर ली गई है। ट्रैक्टर चालक और ट्रैक्टर मालिक दोनों पर कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित