जमुई , मार्च 12 -- बिहार के जमुई जिले के सोनो थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बीपीएससी से नियुक्त शिक्षिका की मौत हो गई।
भीठरा गांव के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे ऑटो पर सवार शिक्षिका की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
मृतका की पहचान सोनो थाना क्षेत्र के टिहिया गांव निवासी संजय सिंह की पुत्री शिवानी कुमारी (29) के रूप में हुई है। वह बिहार लोक सेवा आयोग के माध्यम से नियुक्त शिक्षिका थीं और हाल ही में लखीसराय जिले के बड़हिया क्षेत्र में पदस्थापित हुई थीं।
परिजनों के अनुसार, शिवानी बुधवार को अपने मायके आई थीं और गुरुवार सुबह करीब पांच बजे ससुराल लौटने के लिये ऑटो से झाझा रेलवे स्टेशन जा रही थीं, तभी भीठरा गांव के पास यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सोनो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना में शामिल ट्रक की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिये जांच कर रही है।
इस हादसे से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित