जमुई , जनवरी 13 -- बिहार के जमुई जिले में सोना-चांदी कारोबारी से 50 लाख रूपये की हुई लूट के मामले में पुलिस ने पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार करलिया है।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने आज प्रेस वार्ता में बताया कि नौ जनवरी की रात करीब 9:00 बजे जमुई-मलयपुर मुख्य मार्ग पर आंजन नदी पुल के पास पुरानी बाजार निवासी और सोना- चांदी कारोबारी बिक्रम कुमार सोनी से अपराधियों ने 50 लाख रुपये लूट लिये थे। इस मामले में मलयपुर थाना में कांड संख्या 04/2026 दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सतीश सुमन के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया। उन्होंने बताया कि तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के साथ-साथ सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लूट की गई राशि में से 45 लाख 06 हजार रुपया बरामद किया गया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त पिस्तौल, कारतूस और दो बाइक भी जब्त की गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों में पुरानी बाजार निवासी रवि ठठेरा, भछियार निवासी कश्मीर, बिठलपुर निवासी छोटू यादव, खैरी रामपुर निवासी अंकित लोहार और सिकंदरा थाना क्षेत्र के मंजोश गांव निवासी चंदन कुमार शामिल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित