जमुई , जनवरी 25 -- आसनसोल रेल मंडल अंतर्गत सिमुलतला रेलवे स्टेशन के समीप गेट नंबर- 36 पर एक ओवरलोड ट्रक रेलवे फाटक में फंस गया, जिससे रेल और सड़क यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया।

इस घटना के कारण सिमुलतला स्टेशन के होम सिग्नल के पास मोकामा- बाबाधाम एमयू लोकल ट्रेन करीब आधे घंटे तक खड़ी रही।

ट्रेन के अचानक रुक जाने से यात्रियों में अफरा- तफरी मच गई। रेलवे ट्रैक के आसपास लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। सूचना मिलते ही रेल पुलिस और रेलवे कर्मी मौके पर पहुंचे और फंसे ट्रक को हटाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक को रेलवे फाटक से बाहर निकाला जा सका।

लखीसराय निवासी यात्री नवनीत कुमार जो बाबाधाम में पूजा- अर्चना के लिये जा रहे थे ने बताया कि ट्रेन लगभग आधे घंटे तक होम सिग्नल के पास खड़ी रही, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और बाद में पता चला कि गेट नंबर- 36 पर ट्रक फंसने के कारण ट्रेन रोकी गई थी।

वहीं झाझा निवासी उमेश कुमार अपने बच्चों को इलाज के लिये देवघर ले जा रहे थे। उन्होंने बताया कि ट्रेन के अचानक रुकने से उनकी यात्रा बाधित हो गई और समय पर पहुंचना मुश्किल हो गया। बच्चों के साथ यात्रा कर रहे अन्य यात्रियों को भी भारी असुविधा झेलनी पड़ी।

रेल पुलिस और रेलकर्मियों की तत्परता से स्थिति पर जल्द ही काबू पा लिया गया। ट्रक हटते ही रेल और सड़क यातायात को सामान्य कर दिया गया। मोकामा- बाबाधाम लोकल ट्रेन सुबह करीब 9:21 बजे अपने गंतव्य की ओर रवाना हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित