जमुई, मार्च 15 -- जमुई जिले के सोनो प्रखंड अंतर्गत बाटियां थाना क्षेत्र में रविवार को एक 14 वर्षीय लापता किशोर का शव जंगल में पेड़ से लटका हुआ मिला।

मृतक की पहचान बाटियां थाना क्षेत्र के बरसीतीया गांव निवासी महेंद्र सिंह के पुत्र गोखिल कुमार सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार किशोर को मोबाइल पर फ्री फायर गेम खेलने की लत थी और वह नशे के लिए सुलेशन का भी उपयोग करता था।

मृतक के भाई गौतम कुमार ने बताया कि गोखिल चार भाइयों में सबसे छोटा था। वह अक्सर अपने दोस्तों के साथ घर से दूर जाकर मोबाइल पर फ्री फायर गेम खेलता था। परिवार के अनुसार वह नशे का भी आदी हो गया था और नशे के लिए सुलेशन का इस्तेमाल करता था।

परिजनों के मुताबिक गोखिल शनिवार को करीब तीन बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। देर शाम तक परिवार और ग्रामीणों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

रविवार को जंगल में लकड़ी काटने गए कुछ लोगों ने पेड़ पर एक किशोर का शव लटका देखा। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना परिजनों को दी।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बाटियां थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जमुई भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित