जमुई , मार्च 08 -- जमुई जिले में मलयपुर थाना क्षेत्र के कटौना बायपास रोड पुल के पास रविवार को खनन विभाग और मलयपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार बालू लदे डंपरों को जब्त कर लिया।
खनन पदाधिकारी केशव कुमार पासवान ने बताया कि पकड़े गए चारों डंपरों में बालू लदा था, लेकिन उन पर त्रिपाल नहीं लगा था। उन्होंने कहा कि यह खनन विभाग के निर्धारित नियमों के खिलाफ है। सभी डंपरों को जब्त कर मलयपुर थाना लाया गया है, जहां कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद संबंधित वाहन मालिकों पर नियम के अनुसार मुआवजा राशि लगाया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार बालू लदे ये डंपर कटौना बालू घाट से बाबा ढाबा स्टॉक प्वाइंट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कटौना बायपास पुल के पास पुलिस और खनन विभाग की टीम ने उन्हें रोककर जांच की और नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए जब्त कर लिया। इस कार्रवाई में मलयपुर थाना अध्यक्ष के साथ खनिज विभाग के पदाधिकारी और पुलिस जवान भी मौजूद थे।
इस मामले में स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से कटौना बालू घाट से डंपरों के जरिए लगातार बालू की ढुलाई की जा रही थी। डंपर तेज रफ्तार में चलते थे और बालू को त्रिपाल से ढका नहीं जाता था। तेज हवा के कारण उड़ने वाली बालू से आसपास के लोगों को काफी परेशानी होती थी।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या की शिकायत मलयपुर थाना और खनन विभाग के पास की गई थी। रविवार को स्थानीय लोगों ने चारों डंपरों को रोककर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस और खनन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित