जमुई , मार्च 01 -- बिहार के जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जखड़ा गांव में रविवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और गोलीबारी में तीन युवक और एक 17 वर्षीय बालक घायल हो गये।

घायलों की पहचान नोमान खान, दाबर खान, अरमान खान और 17 वर्षीय अरबाज खान के रूप में हुई है। सभी को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुये बेहतर इलाज के लिये जमुई सदर अस्पताल रेफर किया गया।

पुलिस के अनुसार, सितंबर, 2025 में जखड़ा गांव के एहसान खान और नाटो खान के बीच हुई मारपीट के पुराने विवाद को लेकर रविवार को दोनों पक्ष फिर आमने- सामने आ गये। आरोप है कि इसी दौरान नाटो खान की ओर से गोलीबारी की गई, जिसमें कई लोग घायल हो गये।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश का प्रतीत होता है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। एहतियातन गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित