जमुई, मार्च 15 -- जमुई जिले में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) में चावल की कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है, जिसके तहत मलयपुर-जमुई मुख्य मार्ग पर सतगामा के पास शनिवार की रात छापेमारी कर करीब 60 क्विंटल चावल से लदा एक मिनी ट्रक जब्त कर लिया गया है।

अनुमंडल अधिकारी (एसडीओ) सौरव कुमार ने आपूर्ति निरीक्षक के साथ इस इस कार्रवाई के दौरान वाहन चालक को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चालक की पहचान छबीला यादव के रूप में हुई है, जबकि बरामद चावल लक्ष्मीपुर निवासी मोनू साह का बताया जा रहा है।

एसडीओ श्री कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि जन वितरण प्रणाली के चावल को बोरा बदलकर कालाबाजारी के लिए ले जाया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर टीम ने सतगामा के पास वाहन को रोककर तलाशी ली।

जांच के दौरान मिनी ट्रक पर यूपी नंबर प्लेट लगी हुई थी और उसमें पीडीएस चावल के बोरे लदे पाए गए। अधिकारियों ने जब चालक से चावल से संबंधित वैध कागजात मांगे तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद प्रशासन ने चावल लदे वाहन को जब्त कर टाउन थाना भेज दिया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।

एसडीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि लक्ष्मीपुर से चावल लाकर जमुई में कालाबाजारी करने की तैयारी थी। फिलहाल जब्त चावल की जांच की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित