जमुई , मई 29 -- जमुई जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र अंतर्गत गिद्धौर मुख्य मार्ग स्थित रतनपुर चौक के पास शुक्रवार को लापरवाही से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन से हुए हादसे में एक व्यक्ति तथा एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के समय वाहन ने एक गाय को टक्कर मारा, जिसकी मौत हो गई और बाद में वाहन लेकर भागने के दौरान सड़क किनारे खड़े रतनपुर निवासी विनोद यादव (60) भी उसकी चपेट में आ गये, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई।जानकारी के अनुसार विनोद यादव अपने घर के पास खड़े थे तभी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
स्थानीय लोगों के अनुसार अनियंत्रित पिकअप ने एक बाइक सवार दंपति को भी जोरदार टक्कर मार दी, जिन्हें घायल स्थिति में जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायलों की पहचान लक्ष्मीपुर प्रखंड के मोहनपुर थाना क्षेत्र स्थित काला गांव निवासी प्रमोद पांडे और उनकी पत्नी शिवानी पांडे के रूप में हुई है।दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है और अस्पताल में उनका इलाज जारी है। इसके बाद भागने के क्रम में पिकअप वाहन एक किराना दुकान में जा घुसा, जिससे दुकान भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित