, Feb. 23 -- जमुई,23 फरवरी (वार्त्ता) शहर के मसौढ़ी बस स्टैंड के पीछे स्थित गायत्री मंदिर के पास सोमवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला की सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए।
पीड़िता की पहचान हरनाहा गांव निवासी कंचन देवी के रूप में हुई है। वह अपना केवाईसी कराने के सिलसिले में शहर आई थीं। वह गायत्री मंदिर के पास खड़ी होकर अपनी बेटी का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक अचानक पहुंचे और झपट्टा मारकर उनके गले से चेन छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश तेज रफ्तार से सिकंदरा रोड की ओर भाग निकले।
कंचन देवी की बेटी श्वेता ने बताया कि घटना के समय वह अपनी मां के साथ ही थीं। उन्होंने बताया कि एक युवक ने काला शर्ट पहन रखा था और उसके बाल घुंघराले थे। बाइक की रफ्तार काफी तेज होने के कारण दूसरे युवक का चेहरा स्पष्ट रूप से नहीं देख पाए। श्वेता ने बताया कि उन्होंने कुछ दूर तक बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वे उन्हें पकड़ नहीं सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित