जमुई , मार्च 07 -- बिहार के जमुई जिला के बढ़ात थाना क्षेत्र के तरौना गांव में शुक्रवार देर रात बालू लदे ट्रैक्टर की जांच को लेकर पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई झड़प में एक दरोगा समेत चार पुलिसकर्मी तथा एक महिला घायल हो गई।
पुलिस के अनुसार, रात्रि गश्ती के दौरान मलयपुर की ओर से आ रहे बालू लदे ट्रैक्टर को रोककर जांच करने की कोशिश की गई, लेकिन चालक ट्रैक्टर लेकर भागने लगा और तरौना गांव पहुंच गया। वहां कागजात की जांच के दौरान चालक और पुलिस के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद ग्रामीणों की भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। घटना में एसआई गोविंद कुमार दास का हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि होमगार्ड जवान सुदामा कुमार, चंद्रशेखर कुमार और पप्पू दास घायल हो गये। सभी का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहट में कराया गया। इस दौरान पुलिस की गश्ती गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस ने मामले में तरौना गांव निवासी बालेश्वर यादव उर्फ प्रताप ठाकुर यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और बालू लदा ट्रैक्टर जब्त कर लिया है।
वहीं ट्रैक्टर चालक शिवकुमार यादव की पत्नी कविता कुमारी ने पुलिस पर पैसे मांगने, मारपीट करने और घर में घुसकर तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है। हालांकि बरहट की प्रभारी थानाध्यक्ष उर्मिला कुमारी ने इन आरोपों को खारिज करते हुये कहा है कि बालू चालान की जांच के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला किया, जिसमें पुलिसकर्मी घायल हुये। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर की जांच के बाद ही उसके मालिक की पुष्टि होगी और फायरिंग के आरोप गलत हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित