बारां , मई 10 -- राजस्थान में बारां जिले के नाहरगढ़ क्षेत्र में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक साध्वी मोबाइल टावर पर चढ़ गई और कूदकर जान देने की चेतावनी देने लगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित साध्वी जूना अखाड़े से जुड़ी बताई जा रही है और वह सोनीपुरा टापरा गांव की निवासी है। साध्वी का आरोप है कि उसकी जमीन को धोखाधड़ी से किसी अन्य व्यक्ति के नाम दर्ज कर दिया गया है। इस मामले में न्याय नहीं मिलने से नाराज होकर उसने यह कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही नाहरगढ़ थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और साध्वी को समझाने का प्रयास शुरू किया। उसके बच्चे, रिश्तेदार भी मौके पर पहुंचे और समझाइश की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और साध्वी को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। प्रशासन ने जमीन विवाद से जुड़े दस्तावेजों की जांच कराने का भरोसा दिलाया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित