ग्वालियर , मई 27 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में सरकारी भूमि पर रेत डंप करने के विवाद को लेकर एक सेवानिवृत्त बीएसएफ जवान और उसके साथियों द्वारा ससुर-दामाद पर अंधाधुंध फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में दामाद की मृत्यु हो गई, जबकि ससुर गंभीर रूप से घायल है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुमन गुर्जर ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच सरकारी भूमि पर रेत डंप करने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बुधवार सुबह करीब साढ़े दस बजे इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस और गाली गलौज हुई थी।

उन्होंने बताया कि जब महेंद्र उर्फ भोला गुर्जर और सत्यभान गुर्जर पटरी रोड से गुजर रहे थे, तभी मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि मुख्य आरोपी विष्णु दुबे, जो बीएसएफ का सेवानिवृत्त जवान है, और उसके साथियों ने कट्टों तथा पिस्तौल से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

फायरिंग में दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने दोनों को जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां अत्यधिक रक्तस्राव के कारण महेंद्र उर्फ भोला गुर्जर की मृत्यु हो गई। सत्यभान गुर्जर का उपचार जारी है और उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया बल सहित कई थानों का पुलिस बल लगाया है।

पुलिस ने मुख्य आरोपी विष्णु दुबे और उसके साथियों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित