अलवर , अक्टूबर 12 -- राजस्थान में खैरथल- तिजारा जिले के खरोला गांव में जमीन विवाद को लेकर पूर्व सैनिक शेरसिंह की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

परिजनों ने गांव के पांच लोगों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया। कार्रवाई में देरी से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने जिला अस्पताल के बाहर धरना देकर खैरथल-हरसौली मार्ग अवरुद्ध कर दिया। किशनगढ़बास के पुलिस उपाधीक्षक लालसिंह यादव के दो दिन में गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ।

मृतक के पुत्र कृष्ण कुमार ने बताया कि 11 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे नरेश उसके पिता शेरसिंह को खेत की डोल दिखाने के बहाने घर से बुलाकर ले गया। आरोप है कि खेत में पहले से मौजूद कुछ लोगों ने शेरसिंह लात-घूंसों से मारपीट की। पिता को बचाने पहुंचे कृष्ण कुमार के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों के मुताबिक, तब तक शेरसिंह की मौत हो चुकी थी।

शव खैरथल सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया। परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया और न्याय की मांग पर धरने पर बैठ गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित