बेतिया , अक्टूबर 28 -- बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र के मढ़िया वार्ड संख्या 11 में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में घायल 60 वर्षीय लक्ष्मी चौधरी की इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी साहेब पासवान को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीन कट्ठा जमीन को लेकर लक्ष्मी चौधरी और दूसरे पक्ष के बीच करीब ढाई साल से विवाद चल रहा था। न्यायालय का फैसला लक्ष्मी चौधरी के पक्ष में आने के बाद प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में उन्हें विवादित जमीन पर दखल-कब्जा दिलाया था।

आरोप है कि मंगलवार दोपहर लक्ष्मी चौधरी अपनी जमीन पर काम कर रहे थे, तभी पड़ोसी लल्लू पासवान, राजेंद्र पासवान, कन्हैया पासवान और अवधेश पासवान समेत कई लोग हरवे-हथियार से लैस होकर वहां पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। मारपीट में लक्ष्मी चौधरी की रीढ़ की हड्डी टूट गई। उनके हाथ-पैर और सिर में भी गंभीर चोटें आईं।

घायल लक्ष्मी चौधरी को पहले नरकटियागंज अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेतिया स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच) रेफर कर दिया, जहां बीती देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित