अलवर , मई 30 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के तिजारा कस्बे में बंटवारे में मिली दो बीघा जमीन पर तारबंदी को लेकर शुक्रवार को एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष में एक बालिका सहित चार महिलायें घायल हो गयी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अपनी जमीन पर तारबंदी कर रहे परिवार पर दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।

पीड़ित पक्ष ने बताया कि उनके परिवार की करीब चार बीघा जमीन का पहले ही आपसी समझौते के तहत बंटवारा हो चुका था, जिसमें दोनों भाइयों के हिस्से में दो-दो बीघा जमीन आई थी। उन्होंने कुछ दिन पहले खेत के चारों तरफ खंभे गड़वाए थे और कल तारबंदी का काम कराया जा रहा था। इसी दौरान उनके भाई के परिवार के लोगों ने मौके पर पहुंचकर विवाद शुरू कर दिया। उन्होंने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जिससे सुनीता, मितो, पूजा, पायल सहित एक अन्य चार महीने की बालिका घायल हो गई।

गंभीर रूप से घायल एक महिला की हालत बिगड़ने पर उसे तिजारा से अलवर जिला अस्पताल भेजा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित