भरतपुर , मार्च 29 -- राजस्थान में भरतपुर के रुदावल थाना क्षेत्र में सिंघाड़ा गांव में रविवार को दो पक्षों के बीच जमीन की नींव खुदाई को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक बुजुर्ग की मौत हो गई जबकि महिलाओं समेत नौ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस सूत्रों ने मृतक के परिजनों के हवाले से बताया कि कमल सिंह (65) अपनी दुकान पर बैठे थे, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और सरियों से उन पर अचानक हमला बोल दिया और बीच-बचाव करने आए परिवार के अन्य सदस्यों को भी लहूलुहान कर दिया।
पुलिस ने बताया कि इस खूनी झड़प में घायल सुमित, कुंवर, उत्तम, तिम्मन, तारावती, राधा, घनश्याम, किरन देई और कुमारी बाई को उपचार के लिए बयाना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित