प्रतापगढ़ , फरवरी 17 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में थाना नवाबगंज पुलिस ने मंगलवार को जमीनी विवाद में सुपारी लेकर की गई एक महिला की योजनाबद्ध हत्या का खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन तथा 12,200 रुपये नगद बरामद किए गए हैं।

क्षेत्राधिकारी कुंडा अमर नाथ गुप्ता ने बताया कि गत एक फरवरी को थाना नवाबगंज क्षेत्र के गहरू का पुरवा निवासी उर्मिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में थाना नवाबगंज में धारा 333/103(1) बीएनएस के तहत अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि मृतका का अपने सौतेले भाई से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।

पुलिस ने इस मामले में विशाल निवासी राजापुर माफी (प्रतापगढ़), शिवकुमार तथा महेंद्र सिंह चौहान निवासी पूरे राठौर सिसिर, थाना सलोन, जनपद रायबरेली को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में अभियुक्त शिवकुमार ने बताया कि उसने थाना सलोन क्षेत्र के परमेश पटेल से पांच लाख रुपये की सुपारी लेकर अपने भांजे विशाल सरोज, साथी मो. तौफिक, सह-अभियुक्त महेंद्र सिंह और एक अन्य सहयोगी के साथ मिलकर एक फरवरी को उर्मिला की गला दबाकर हत्या की। मृतका की सलोन बाईपास स्थित कीमती जमीन को लेकर विवाद था और बयान दर्ज होने से पहले उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।

अभियुक्तों ने बताया कि हत्या से पहले रैकी की गई थी। घटना के बाद परमेश पटेल द्वारा 2.50 लाख रुपये दिए गए, जिनका आपस में बंटवारा किया गया। बरामद धनराशि को उसी सुपारी की रकम बताया गया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त वारदात के बाद गंगा पार भागने की फिराक में थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित