हरदा , अप्रैल 01 -- मध्यप्रदेश के हरदा जिले की सिराली तहसील अंतर्गत दीपगांव कला में जमीनी विवाद को लेकर हुए संघर्ष में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गांव में एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, जो आज हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों और पत्थरों से जमकर मारपीट हुई। इस घटना में अमरसिंह कलम (65) की मृत्यु हो गई। वहीं सूरत सिंह, रामभरोस, आनंद सिंह, हरिसिंह, सतीश राजपूत और नारायण राजपूत घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। सभी घायलों को सिराली के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से तीन गंभीर घायलों को जिला अस्पताल हरदा रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में जमीनी विवाद को घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित