सिरसा , अक्टूबर 12 -- हरियाणा के सिरसा में गांव जमाल में सोलर प्लांट ठेकेदार सुभाष चंद्र की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान विजय कुमार उर्फ गोकुल निवासी जांडली कलां, तहसील भूना, जिला फतेहाबाद के रूप में हुई है। इस मामले में मुख्य आरोपी राहुल को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि गत छह अक्टूबर 2026 को नाथूसरी चौपटा थाना क्षेत्र के गांव जमाल में राजस्थान सीमा के पास हैक्सा सन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड का सोलर प्लांट स्थापित किया जा रहा था। इसी प्लांट में ठेकेदारी का काम करने वाले सुभाष चंद्र दोपहर करीब डेढ़ बजे बैठे थे। इसी दौरान दो-तीन युवक वहां पहुंचे और उन्हें गोली मारकर फरार हो गए।
घायल सुभाष चंद्र को उपचार के लिए सिरसा के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। मृतक के पिता भादर राम निवासी गांव जमाल की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल सहित 10 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विजय कुमार उर्फ गोकुल सोलर प्लांट में 15 हजार रुपये मासिक वेतन पर काम करता था। पुलिस मामले में आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित