सिरसा , अक्टूबर 07 -- हरियाणा में सिरसा के गांव जमाल स्थित निर्माणाधीन सोलर पावर प्लांट में मंगलवार को हुई फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई।

मृतक की पहचान सुभाष पुत्र बहादुर सिंह के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही नाथूसरी चोपटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिरसा नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया था। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरना देकर नारेबाजी की।

बुधवार शाम भाजपा नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण से मुलाकात की। करीब एक घंटे चली वार्ता के बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाने पर सहमति जताई।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नाथूसरी चोपटा पुलिस और अन्य टीमें विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही हैं। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में की जाएगी और किसी निर्दोष व्यक्ति को मामले में नहीं फंसाया जाएगा। पुलिस के अनुसार मृतक के खिलाफ हरियाणा के विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं, जिनकी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस ने हत्या, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत सुभाष डूडी, सतानंद डूडी, विक्रम भांभू, मुनीष पंडित, राकेश, रविंद्र, संजय, मोहित और विजय सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार दो आरोपियों के आत्मसमर्पण की भी जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले भी दोनों गुटों के बीच मारपीट और फायरिंग हुई थी, जिसमें कुछ लोग घायल हुए थे। नाथूसरी चोपटा थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि बैठक के बाद पोस्टमार्टम पर सहमति बन गई है। शव का पोस्टमार्टम गुरुवार को सिरसा नागरिक अस्पताल में कराया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित