पटना , सितंबर 17 -- ाजस्व सर्वे प्रशिक्षण संस्थान में गुरुवार को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह की अध्यक्षता में सारण, सुपौल और पश्चिम चंपारण जिले के अंचल अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जमाबंदी शुद्धीकरण, मृत रैयतों के उत्तराधिकार नामांतरण तथा अभियान बसेरा के तहत पात्र भूमिहीन लाभुकों के आवेदन, राजस्व महा-अभियान सहित विभिन्न राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि जमाबंदी में दर्ज त्रुटियों को दूर करने के लिए रैयत के आवेदन का इंतजार करने की जगह खुद पहल करते हुए कार्य को पूर्ण करें। जिन मामलों को जमाबंदी में त्रुटि के कारण पूर्व में रिजेक्ट किया गया है, उनकी भी समीक्षा कर आवश्यक सुधार के बाद निष्पादन की जिम्मेदारी अंचल अधिकारियों की है। समीक्षा के क्रम में राजस्व महा-अभियान के 99 फीसदी आवेदनों को रिजेक्ट कर देने के कारण सारण जिले के परसा, अमनौर एवं दरियापुर के अंचलाधिकारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में श्री सिंह ने निर्देश दिये कि 15 सितंबर से 31 अक्टूबर तक चलने वाले विशेष अभियान के दौरान जमाबंदियों में दर्ज सभी प्रकार की त्रुटियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। साथ ही, मृत रैयतों के उत्तराधिकार नामांतरण के मामलों में भी अंचल स्तर से सक्रिय पहल करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने अंचल अधिकारियों को निर्देश दिये कि किसी भी कार्य के निष्पादन के लिए केवल अपने सहयोगियों पर निर्भर न रहें। अंचल में संचालित सभी राजस्व कार्यों की जानकारी रखना, उनकी नियमित समीक्षा करना तथा उनकी प्रगति पर निगरानी बनाए रखना प्रत्येक अंचल अधिकारी की जिम्मेदारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित