पौड़ी , अगस्त, 21 -- त्तराखंड के पौड़ी में विकासखंड खिर्सू के ग्राम जमणाखाल में शुक्रवार को विधिक सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को कानूनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से शुरू किए गए केंद्र के माध्यम से पात्र लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता एवं परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। इस अवसर पर जनता इंटर कॉलेज जमणाखाल में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर भी आयोजित हुआ।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज नाज़िश कलीम ने बताया कि केंद्र के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क अधिवक्ता की सुविधा और न्यायालयीन मामलों में आवश्यक कानूनी सहायता दी जाएगी। इसके अलावा मध्यस्थता, सुलह, लोक अदालत तथा स्थायी लोक अदालत के माध्यम से विवादों के समाधान के लिए भी लोगों को मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

शिविर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की विधिक सेवा योजना-2016 की जानकारी दी गई। बताया गया कि योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों के जीवन, स्वतंत्रता, गरिमा एवं संपत्ति की सुरक्षा के लिए सुलभ और प्रभावी विधिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों के कानूनी अधिकारों, साइबर अपराध से बचाव, नशे के दुष्प्रभाव, मौलिक अधिकार एवं कर्तव्यों तथा विभिन्न विधिक एवं कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित