तेहरान , अप्रैल 23 -- ईरान के सांसद हामिदरज़ा हाजी बाबाई ने कहा है कि जब तक अमेरिका अपनी हार स्वीकार नहीं करता, तब तक उससे किसी भी प्रकार की वार्ता संभव नहीं है।

ईरानी संसद के उपाध्यक्ष श्री हाजी बाबाई ने कहा," अमेरिका के हार स्वीकार किये बिना कोई भी बातचीत निषिद्ध है।"उन्होंने क्षेत्रीय देशों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे ईरानी अधिकारियों के खिलाफ किसी भी हमले में सहयोग न करें। उन्होंने कहा कि जो देश 'आतंकवादी गतिविधियों' को सुविधाएं देंगे, उनके हवाई अड्डों, होटलों और यहां तक कि नेतृत्व को भी निशाना बनाया जा सकता है।

ये बयान ऐसे समय आये हैं, जब ईरान पर इजरायल और अमेरिका के हमलों के बावजूद उसकी सैन्य क्षमता बरकरार बताई जा रही है।

अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से आयी रिपोर्टों में कहा गया है कि हालिया हमलों के बाद भी ईरान की सैन्य ताकत का बड़ा हिस्सा सुरक्षित है। जानकारी के अनुसार, संघर्षविराम की घोषणा के समय ईरान के लगभग आधे बैलिस्टिक मिसाइल भंडार और उनसे जुड़े प्रक्षेपण तंत्र सुरक्षित थे।

इसके अतिरिक्त, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर की नौसैनिक क्षमता का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा अबभी सक्रिय बताया गया है, जिसमें तेज गति वाली आक्रमण नौकाएं शामिल हैं।

विश्लेषकों का मानना है कि लगातार दबाव के बावजूद ईरान का यह रुख उसकी रक्षात्मक और जवाबी क्षमता पर भरोसे को दर्शाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित