चित्तौड़गढ़ , जनवरी 20 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के थानों में जब्त एवं लावारिस वाहनों की नीलामी से पुलिस को गत वर्ष तीन करोड़ रुपये से ज्यादा की आय हुई, जो राज्य में अन्य जिलों में सबसे ज्यादा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) सरिता सिंह ने मंगलवार को बताया कि ऑपरेशन 'कायाकल्प' के तहत वर्ष 2025 में चित्तौड़गढ़ पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के मामलों में जब्त 216 वाहनों की नीलामी से तीन करोड़ रुपये से अधिक की रिकॉर्ड आय अर्जित की गयी थी, जो राजस्थान में सर्वाधिक है।
उन्होंने बताया कि इस नीलामी से पुलिस परिसरों में वर्षों से खड़े वाहनों का स्थायी समाधान हुआ है, जिससे स्थान की समस्या दूर होने के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित हुई है। साथ ही खुले में खड़े वाहनों से उत्पन्न पर्यावरणीय एवं सुरक्षा संबंधी समस्याओं से भी राहत मिली है। श्रीमती सिंह ने बताया कि सोमवार को इस वर्ष के प्रथम नीलामी कार्यक्रम में मादक पदार्थों की तस्करी में जब्त 56 वाहन और पुलिस अधिनियम के तहत जब्त 225 वाहनों की नियमानुसार नीलामी आयोजित की गयी, जिससे 96 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है, यह अब तक की सबसे बड़ी नीलामी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित