पाडेरू (आंध्र प्रदेश) , मार्च 14 -- जन सेना पार्टी के अध्यक्ष एवं आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने शनिवार को पार्टी के 13वें स्थापना दिवस के अवसर पर पाडेरू में आदिवासी समुदाय के बीच पार्टी का झंडा फहराया।

इस अवसर पर श्री पवन कल्याण ने नंदीगारु क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जहां बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद उन्होंने "अडवी थल्ली बाटा" पहल के तहत बनाए गए सड़कों का निरीक्षण किया और आदिवासी निवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली।

कार्यक्रम में राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री नदेंदला मनोहर, राज्य पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के चेयरमैन कल्याणम शिवा श्रीनिवास राव, राज्य लोक कला एवं क्रिएटिव अकादमी के चेयरमैन वंपुरु गंगुलय्या समेत कई नेता मौजूद रहे।

इस बीच राज्य के शिक्षा और आईटी मंत्री नारा लोकेश ने भी जन सेना पार्टी के 13वें स्थापना दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि पार्टी अपने सात मार्गदर्शक सिद्धांतों के माध्यम से लोगों के जीवन का हिस्सा बन गई है। उन्होंने जन सेना प्रमुख पवन कल्याण, पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई भी दी।

इससे पहले अल्लूरी सीताराम राजू जिले के कलेक्टर दिनेश कुमार, वरिष्ठ अधिकारियों और पार्टी नेताओं ने पाडेरू हेलीपैड पर उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण का भव्य स्वागत किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित