चंडीगढ़ , जून 3 -- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मोरनी स्थित सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित जन सुनवाई कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जन कल्याण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

टिक्कर हिल्स पंचायत में कम वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए ट्रांसफार्मर लगाने में देरी पर मुख्यमंत्री ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं बाबरवाली गांव में सड़क निर्माण में कथित अनियमितताओं की शिकायत पर जांच के आदेश दिए गए।

जन सुनवाई के दौरान लोगों ने सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन और पेंशन संबंधी समस्याएं रखीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समलोथा-जियाघाट और भयाल-दुंदल सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने के आदेश भी दिए गए।

स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए मोरनी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्रेड करने की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि भवन का विस्तार कर बहुमंजिला ढांचा विकसित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को उपचार के लिए पंचकूला नहीं जाना पड़ेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित