चंडीगढ़ , जुलाई 30 -- हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने गुरुवार को जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को जन शिकायतों के त्वरित और निष्पक्ष समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने जमीन धोखाधड़ी के मामले में जिला नगर योजनाकार तहसीलदार और दूसरे जिले के डीएसपी स्तर के अधिकारी की संयुक्त समिति बनाकर जांच कराने तथा अगली बैठक तक पूरी रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

बैठक में अवैध जमीन खरीद-फरोख्त से जुड़ी शिकायतों पर मंत्री ने कहा कि जिले में इस तरह की गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। विधायक सुनील सतपाल सांगवान और उमेद पातुवास ने भी मामले की गंभीरता से जांच की मांग की। मंत्री ने पुलिस को निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और लोगों का विश्वास कायम रखने के निर्देश दिए।

अस्पताल से जुड़ी शिकायत पर अतिरिक्त उपायुक्त को 15 दिनों में जांच पूरी करने के निर्देश दिए गए। वहीं एक फीडर से दादरी आने वाली दोनों बिजली लाइनों के तार 15 दिन में बदलने, सड़क, जल निकासी, पार्किंग और नए लघु सचिवालय के पास सड़क से जुड़ी शिकायतों का शीघ्र समाधान करने के भी निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित