मैनपुरी , मई 16 -- उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निजी नलकूपों के लिए विभागीय नियमों के अंतर्गत विद्युत कनेक्शन तत्काल स्वीकृत किए जाएं तथा जन-शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
ट्रांजिट हॉस्टल में आयोजित जन-सुनवाई के दौरान शनिवार को मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि किसी भी स्तर से प्राप्त शिकायत का समाधान संबंधित अधिकारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्तियों को वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांग पेंशन सहित अन्य लाभार्थी योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराया जाए।
पर्यटन मंत्री ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को गर्मी के मौसम में सुचारू बिजली आपूर्ति बनाए रखने और अनावश्यक रोस्टिंग से बचने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाए तथा नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही खराब पड़े ट्यूबवेलों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि जिले में शिकायत निस्तारण की स्थिति संतोषजनक है तथा जिलाधिकारी द्वारा संचालित "मिशन समाधान" अभियान के तहत भूमि संबंधी पुराने विवादों का मौके पर निस्तारण कराया जा रहा है, जिससे अवैध कब्जों पर रोक लगाने में मदद मिल रही है।
जन-सुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने विद्युत ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि, भूमि पैमाइश, अवैध कब्जा हटाने, शौचालय योजना का लाभ दिलाने, बंद रास्ता खुलवाने तथा सफाईकर्मियों की तैनाती से जुड़ी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। संबंधित प्रार्थना पत्र अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए सौंपे गए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अभिषेक कुमार, क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार, प्रभारी निरीक्षक फतेह बहादुर सिंह भदौरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित