रीवा , सितंबर 18 -- मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में संचालित जन विश्वास अभियान पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के संदेश और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रशासन की तत्परता इस अभियान में दिखाई दे रही है।
श्री तोमर आज रीवा के टाउन हॉल में नगर पालिक निगम, रीवा द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
श्री तोमर ने कहा कि जन विश्वास अभियान के माध्यम से जनता की समस्याओं का निराकरण करने और प्रशासन को आमजन के प्रति जवाबदेह बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी केवल सड़क और भवन बनाने तक सीमित नहीं है। जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति को सुख-चैन और खुशहाली महसूस न हो, तब तक कार्य पूर्ण नहीं माना जा सकता।
उन्होंने रीवा में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले जब वे पार्टी के कार्यक्रमों में रीवा आते थे तो शहर छोटा दिखाई देता था। संभागीय मुख्यालय होने के बावजूद यह तहसील जैसा प्रतीत होता था। उन्होंने कहा कि राजेन्द्र शुक्ल और जनार्दन मिश्रा जैसे जनप्रतिनिधियों के निर्वाचित होने तथा भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद रीवा में विकास कार्य हुए हैं।
श्री तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की पहुंच सुनिश्चित करने, नागरिकों को समान अधिकार और न्याय दिलाने तथा लोगों को अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश को विकसित भारत बनाने के लिए 2047 तक नागरिकों, सरकारों और प्रशासन को मिलकर काम करना होगा।
उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से विकास के रास्ते में आने वाली बाधाओं को दूर किया जा सकता है। श्री तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए कई निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने देश की पहली तिमाही में 7.8 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि का भी उल्लेख किया। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में भारत की जीडीपी वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित