नयी दिल्ली , जुलाई 21 -- सरकार ने मंगलवार को संसद में बताया कि इस माह के प्रारंभ तक प्रधानमंत्री जन-धन योजना के तहत खोले गये 58.63 करोड़ बैंक खातों में कुल जमा राशि 3.08 लाख करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गयी।
वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह भी बताया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) के तहत एक जुलाई 2026 तक संचयी रूप से 27.84 करोड़ नामांकन , प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) के तहत 58.78 करोड़ तथा अटल पेंशन योजना (एपीवाई) में 30 जून तक संचयी रूप से 9.29 करोड़ नामांकन कराये गये थे।
इसी तरह प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत 59.14 करोड़ ऋणों की मंजूरी दी गयी जिनमें कुल स्वीकृत राशि 41.71 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गयी है। वित्त मंत्री ने कहा कि समाज के सभी वर्गों, विशेषकर वंचित और सेवाओं से वंचित समुदायों को बैंकिंग, ऋण और बीमा सुविधाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने अगस्त 2014 में राष्ट्रीय वित्तीय समावेशन मिशन (एनएमएफआई) के अंतर्गत प्रधानमंत्री जन धन योजना (पीएमजेडीवाई) शुरू की थी। इस योजना का उद्देश्य "बिना बैंक वाले को बैंकिंग, असुरक्षित को सुरक्षा और वित्तीय सहायता से वंचित लोगों को ऋण" उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत इस माह के शुरू तक खोले गये 58.63 करोड़ जन धन खातों में कुल 3,08,333 करोड़ रुपये की राशि जमा थी। इनमें से 32.68 करोड़ (55.74 प्रतिशत) खाते महिलाओं के नाम हैं। क्षेत्र के हिसाब से 45.62 करोड़ (77.80 प्रतिशत) खाते ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों में खोले गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित