मथुरा , सितंबर 03 -- धर्मनगरी मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण का 5253वां जन्मोत्सव शुक्रवार को उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा-संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने गुरुवार को संवाददाताओं को जन्माष्टमी की तैयारियों और प्रमुख आयोजनों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष का जन्मोत्सव 'गौ रक्षा-राष्ट्र रक्षा' के संकल्प को समर्पित रहेगा।

उन्होंने बताया कि श्रीगर्भ-गृह सहित पूरे जन्मस्थान परिसर को भव्य रूप से सजाया गया है। गर्भगृह की सजावट में करीब 200 किलोग्राम चांदी का इस्तेमाल किया गया है। जन्मोत्सव की मुख्य रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण विशेष रूप से तैयार 'कलहंस' पुष्प-बंगले में विराजमान होकर श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे।

भगवान के श्रृंगार की जानकारी देते हुए श्री शर्मा ने बताया कि लड्डू गोपाल समुद्र मंथन से प्राप्त रत्नों की भावना पर आधारित विशेष 'पंचरत्नी पोशाक' और रत्नजड़ित मुकुट धारण करेंगे। उन्होंने बताया कि ब्रज के कारीगरों ने कई महीनों की मेहनत और श्रद्धा से पोशाक तथा मुकुट तैयार किए हैं।

जन्मोत्सव से पूर्व गुरुवार को इन विशेष पोशाकों के दर्शन श्रद्धालुओं को कराए गए। इस दौरान परिसर 'जय श्रीकृष्ण' के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालुओं में उत्साह दिखाई दिया।

जन्माष्टमी को लेकर स्थानीय लोगों के साथ देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं में उत्साह है। प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की ओर से सुरक्षा तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित