हरिद्वार, सितंबर, 03 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और आगामी त्योहारों को लेकर हरिद्वार पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने की कवायद तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने गुरुवार को जिले के सभी थाना प्रभारियों को त्योहारों के दौरान पुलिस बल को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखने को कहा है। भीड़भाड़ वाले इलाकों, धार्मिक स्थलों और वित्तीय प्रतिष्ठानों के आसपास सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था मजबूत रहेगी।
सर्राफा बाजार सहित अन्य वित्तीय प्रतिष्ठानों के आसपास पुलिस की नियमित गश्त जारी रहेगी। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। अलग-अलग स्थानों पर बैरियर लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं और वाहनों की सघन चेकिंग की जाएगी। पुलिस की टीमें क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी।
त्योहारों के दौरान बाहर से आने वाले लोगों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए होटल, धर्मशालाओं और अन्य ठहरने वाले स्थानों के चेक-इन एवं चेक-आउट रिकॉर्ड की भी निगरानी होगी। होटल और धर्मशाला संचालकों से समन्वय रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की व्यवस्था रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित