जालौन , सितंबर 4 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को प्रभावी और सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह ने क्षेत्राधिकारी नगर एवं कोतवाली उरई पुलिस बल के साथ नगर क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली उरई क्षेत्रान्तर्गत स्थित राधा-कृष्ण मंदिर सहित भीड़भाड़ वाले एवं महत्वपूर्ण स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था तथा पुलिस बल की तैनाती की स्थिति का जायजा लिया।

एसपी ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारी एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जन्माष्टमी पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने आमजन से भी पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने तथा शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित