मुरादाबाद , सितंबर 01 -- श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर श्रद्धालुओं और यात्रियों के सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए रेल मंडल प्रशासन ने दिल्ली-हरिद्वार-दिल्ली मार्ग पर अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने मंगलवार को बताया कि ट्रेन संख्या 04413/04414 दिल्ली-हरिद्वार-दिल्ली अनारक्षित स्पेशल के रूप में तीन-तीन फेरों में संचालित की जाएगी। उन्होंने बताया कि ट्रेन संख्या 04413 दिल्ली से हरिद्वार के लिए तीन, चार और पांच सितंबर को चलेगी। यह ट्रेन दिल्ली से रात 11 बजे रवाना होकर गाजियाबाद (23:40/23:42 बजे), मेरठ सिटी (00:25/00:27 बजे), मुजफ्फरनगर (01:05/01:07 बजे) और रुड़की (03:40/03:42 बजे) होते हुए अगले दिन सुबह 04:55 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 04414 हरिद्वार से दिल्ली के लिए चार, पांच और छह सितंबर को संचालित होगी। यह ट्रेन हरिद्वार से शाम पांच बजे रवाना होकर रुड़की (18:00/18:02 बजे), मुजफ्फरनगर (19:03/19:05 बजे), मेरठ सिटी (19:55/20:00 बजे) और गाजियाबाद (21:08/21:10 बजे) होते हुए रात 10 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

जन्माष्टमी पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए इस विशेष ट्रेन के संचालन से दिल्ली-हरिद्वार मार्ग पर यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी और नियमित ट्रेनों पर भीड़ का दबाव कम होने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित