देवरिया , सितंबर 03 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में जन्माष्टमी पर्व को सम्पन्न कराने के लिए 18 मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।

जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी ने गुरुवार को यहां बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व चार सितंबर को मनाया जायेगा। इस अवसर पर जनपद में विभिन्न स्थानों पर डोल मेला आयोजित करने की परंपरा है। शासन के निर्देश के क्रम में पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिले के संवेदनशील स्थानों पर 18 मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।

उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी के अवसर पर किसी नई परंपरा अथवा नये मार्ग की अनुमति किसी भी दशा में नहीं दी जाएगी। नामित मजिस्ट्रेट अपने-अपने तैनाती स्थल के थाना प्रभारी से समन्वय स्थापित कर जुलूस के मार्ग एवं संवेदनशील स्थानों की जानकारी प्राप्त करते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

श्री हुलगी ने पुलिस विभाग को शरारती एवं अराजक तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने तथा संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित