जालौन , सितंबर 02 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने बुधवार को राधाकृष्ण मंदिर समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था की रूपरेखा तैयार की।

एएसपी ने मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, आवाजाही के मार्ग, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। इस दौरान मंदिर समिति के पदाधिकारियों से आयोजन के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं और आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गयी।

डॉ. सोनी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जन्माष्टमी के दौरान मंदिर परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे, इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय से पूरे कर लिए जाएं।

उन्होंने भीड़ के दबाव वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। पुलिस ने पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी करने पर जोर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित