रायपुर , जुलाई 19 -- छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रविवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर कबीरधाम में आयोजित वृक्षारोपण महाअभियान में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि कवर्धा मेडिकल कॉलेज का संचालन इसी शैक्षणिक सत्र से 50 सीटों के साथ प्रारंभ किया जाएगा। साथ ही उन्होंने प्रदेशवासियों से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 को जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन बनाने की अपील भी की।
मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित वृक्षारोपण महाअभियान-2026 में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं तथा ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पौधारोपण किया। परिसर में फलदार सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
विजय शर्मा ने कहा कि निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज केवल एक भवन नहीं, बल्कि जिले की भावी पीढ़ियों की धरोहर है। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और इसे वर्ष 2027 के जुलाई तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज का संचालन इसी शैक्षणिक सत्र से 50 सीटों के साथ शुरू किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे और स्वास्थ्य सेवाएं भी सुदृढ़ होंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जिले के चिकित्सक भी मेडिकल कॉलेज के सफल संचालन में सहयोग देंगे।
उपमुख्यमंत्री ने जिले को हराभरा बनाने में योगदान देने वाली हरीतिमा टीम की सराहना करते हुए कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने का अभियान है। उन्होंने युवाओं, सामाजिक संगठनों तथा विभिन्न व्यापारिक और स्वयंसेवी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी की भी प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि कवर्धा में वरिष्ठ नागरिकों के लिए सियान सदन का निर्माण भी प्रारंभ हो चुका है।
जन्मदिन के अवसर पर जारी अपने संदेश में विजय शर्मा ने प्रदेशवासियों, विशेषकर ग्रामीण नागरिकों से स्वच्छता को जनभागीदारी का अभियान बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि "स्वच्छता में ही भगवान का वास होता है" और स्वच्छ गांव ही स्वस्थ, समृद्ध तथा आत्मनिर्भर समाज की आधारशिला हैं।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शौचालय निर्माण जनआंदोलन बना, उसी प्रकार अब प्रत्येक घर में कचरे का पृथक्करण भी जनआंदोलन बनना चाहिए। उन्होंने सभी नागरिकों से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 का पालन करने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित