चंडीगढ़ , मार्च 16 -- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज को रविवार को जन्मदिन के अवसर पर हजारों लोगों द्वारा भेंट किए गए फूलों के गुलदस्तों का अब सार्थक उपयोग किया जाएगा। इन फूलों से सुगंधित अगरबत्तियां बनाई जाएंगी, जो लोगों के घरों में खुशबू फैलाएंगी।
सोमवार सुबह एसडी विद्या स्कूल के कर्मचारियों को सभी गुलदस्ते सौंप दिए गए, जहां इनसे अगरबत्तियां तैयार की जाएंगी।
पत्रकारों से बातचीत में श्री विज ने कहा कि जन्मदिन के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग ढोल-नगाड़ों के साथ उन्हें बधाई देने पहुंचे थे। इसके अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों, विधायकों और देश-विदेश से भी लोगों ने शुभकामनाएं भेजीं।
उन्होंने कहा कि उन्हें बधाई देने आए लोग बड़ी संख्या में फूलों के गुलदस्ते लेकर आए थे, जिन्हें संभालकर रखा गया है। हर साल की तरह इस बार भी इन फूलों को फेंका नहीं जाएगा, क्योंकि यह लोगों के प्यार और सम्मान का प्रतीक हैं। इन फूलों को संस्था को दिया जाएगा, जो इनसे अगरबत्तियां तैयार करेगी। बाद में यही अगरबत्तियां लोगों के घरों में जाकर सुगंध फैलाएंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित