प्रयागराज , सितंबर 1 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में कौंधियारा थाना क्षेत्र के आंबा गांव में सोमवार देर शाम तालाब में डूबने से दो वर्षीय मासूम की मौत हो गई।

सबसे दुखद बात यह रही कि जिस दिन बच्चा अपना दूसरा जन्मदिन मना रहा था, उसी दिन उसकी जिंदगी का अंत हो गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि रायपुर में निजी नौकरी कर रहे पिता घटना की जानकारी मिलते ही घर के लिए रवाना हो गए।

जानकारी के अनुसार, आंबा गांव निवासी ललित कुमार ओझा का घर तालाब के पास स्थित है। उनकी एक बेटी और चार बेटों में सबसे छोटा बेटा लक्ष्मण सोमवार को अपना दूसरा जन्मदिन मना रहा था। परिजनों के मुताबिक, दो वर्ष का लक्ष्मण दोपहर करीब पांच बजे घर के आसपास अन्य बच्चों के साथ तालाब के किनारे खेल रहा था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह तालाब में जा गिरा।

बताया जा रहा है कि हादसे से घबराए उसके साथ खेल रहे अन्य बच्चे वहां से भाग गए। कुछ देर तक परिजनों को घटना की जानकारी नहीं हो सकी। जब मां रमा देवी ने लक्ष्मण को घर और आसपास नहीं देखा तो उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद वह तालाब के किनारे पहुंचीं, जहां उन्हें पानी में लक्ष्मण का शव उतराता दिखाई दिया।

बेटे का शव देखते ही रमा देवी चीखते हुए मौके पर गिर पड़ीं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मासूम की मौत की खबर फैलते ही गांव में भी मातम छा गया। जिस घर में जन्मदिन की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई।

ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

उधर, हादसे की सूचना मिलने के बाद रायपुर में निजी नौकरी कर रहे पिता ललित कुमार ओझा घर के लिए रवाना हो गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित