देवरिया , जून 15 -- भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से शुरू किया गया "एक पेड़ मां के नाम" अभियान आज जनांदोलन का रूप ले चुका है और यह पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृशक्ति के सम्मान का भी प्रतीक बन गया है। केन्द्र में नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न जनसंपर्क अभियानों के तहत रविवार को देवरिया स्थित सोमनाथ मंदिर परिसर में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेते हुए डॉ. त्रिपाठी ने यह बात कही।
उन्होंने कहा कि "एक पेड़ मां के नाम" अभियान भारत सरकार द्वारा शुरू किया गया एक विशेष राष्ट्रव्यापी वृक्षारोपण कार्यक्रम है। इसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 जून 2024 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नई दिल्ली के बुद्ध जयंती पार्क में पीपल का पौधा लगाकर की थी।
डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह माताओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने और ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर पर्यावरणीय चुनौतियों से धरती की रक्षा करने का एक सामूहिक प्रयास भी है। उन्होंने कहा कि आज देशभर में लोग बढ़-चढ़कर इस अभियान से जुड़ रहे हैं और यह एक व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर चुका है।
उन्होंने कहा कि यह पहल जीवन देने वाली मां और जीवन का पोषण करने वाली प्रकृति, अर्थात धरती मां, दोनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे केवल पौधे लगाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी न समझें, बल्कि उनके संरक्षण, सिंचाई और देखभाल का संकल्प भी लें, ताकि वे विकसित होकर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में अपनी भूमिका निभा सकें।
भाजपा नेता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान में शामिल होकर पौधरोपण करने और पौधों की देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित