पटना, अक्टूबर 17 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल ने बिहार में विधानपरिषद चुनाव की सरगर्मियों के बीच जनसुराज पार्टी की चुनाव प्रचार सामग्री के साथ 500 रुपये के नोटों का बंडल दिखाई देने पर सवाल उठाते हुए इसे गंभीर मामला बताया और इस पर चुनाव आयोग से संज्ञान लेने की मांग की है।
श्री इकबाल ने आज बयान जारी कर कहा कि जनसुराज की प्रचार सामग्री के साथ 500 रुपए के नोट का बंडल पाया जाना चुनाव में अपनाए जा रहे भ्र्ष्टाचार की ओर इशारा करता है और इस मामले की निष्पक्षता से जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में यदि कोई अनियमितता सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी ने कहा कि चुनाव प्रचार सामग्री के साथ नकदी का बंडल दिखाई देना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए इस मामले की पूरी जांच जरूरी है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव की शुचिता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी ने कहा कि चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। यदि किसी स्तर पर नियमों का उल्लंघन हुआ है, तो उसकी जांच कर जिम्मेदार लोगों की पहचान की जानी चाहिए और नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
श्री इकबाल ने जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर के कथित तौर से उस बयान पर भी आपत्ति जताई, जिसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को गोली मारने की बात कही गयी थी। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान दुर्भाग्यपूर्ण हैं और प्रदेश में दशकों पुराने जंगतसज की याद दिलाते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित