बैतूल , जून 16 -- मध्यप्रदेश के बैतूल कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों ने राजस्व, भूमि विवाद, जाति प्रमाण पत्र, सीमांकन, आवास, पेंशन तथा मूलभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं। जनसुनवाई की अध्यक्षता अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट ने की।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। अपर कलेक्टर ने कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, जबकि अन्य प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए समय-सीमा निर्धारित की।
श्रीमती जाट ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए, ताकि नागरिकों को एक ही समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने और जवाबदेही के साथ कार्य करने पर भी जोर दिया।
जनसुनवाई में बैतूल निवासी मारोति ने जाति प्रमाण पत्र जारी करने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बैतूल को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं आमला क्षेत्र के हसलपुर निवासी रामरति बाई और ग्राम गोराखार निवासी इमला बाई ने भूमि सीमांकन संबंधी शिकायतें दर्ज कराईं, जिनके निराकरण के लिए संबंधित तहसीलदारों को निर्देशित किया गया।
बैतूल निवासी सुंदरलाल मालवी ने आबादी क्षेत्र स्थित मकान एवं बाड़ी में नाम दर्ज कराने के संबंध में आवेदन दिया। इस मामले में तहसीलदार बैतूल ग्रामीण को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार घोड़ाडोंगरी तहसील के ग्राम लोनिया निवासी रघुनाथ यादव द्वारा कृषि भूमि के विक्रय पर दर्ज कराई गई आपत्ति की जांच के आदेश भी दिए गए।
राजस्व अभिलेखों में नाम संशोधन से जुड़े मामलों में ग्राम कावला निवासी अनुका ने रिकॉर्ड में नाम सुधार की मांग की, जबकि बैतूल निवासी दीपक वाघमारे ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने का अनुरोध किया। इन प्रकरणों को भी संबंधित विभागों को भेजकर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में संयुक्त कलेक्टर मकसूद अहमद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने कहा कि प्राप्त आवेदनों के निराकरण की नियमित निगरानी की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित