पटना , नवंबर 03 -- बिहार सरकार की विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री शीला मंडल ने मंगलवार को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान लोगों ने मंत्री को अपनी व्यक्तिगत एवं क्षेत्रीय समस्याओं से अवगत कराया। मंत्री ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बात की और समस्याओं के विधिसम्मत एवं शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए।

इस अवसर पर बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी तथा प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी अंजुम आरा भी मौजूद थीं।

कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में श्रीमती मंडल ने विपक्ष के वोट चोरी के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि हाल ही में देश के चार राज्यों की विधान परिषद की 28 सीटों पर हुए चुनाव के परिणामों ने कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति और उसके जनाधार की वास्तविकता सामने ला दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित