मुरैना , अगस्त 12 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के जौरा अनुभाग मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में अपनी फरियाद लेकर पहुंची पीड़ित महिला की शिकायत पर कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उसे आगे की सुनवाई के लिए सरकारी वाहन से मुरैना भेजा।

जानकारी के अनुसार महिला के पति की करीब एक वर्ष पहले हादसे में मौत हो गई थी। महिला का आरोप है कि इस मामले में पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की जा रही है। अपनी शिकायत लेकर वह जौरा में आयोजित कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंची थी।

महिला की शिकायत सुनने के बाद कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लिया। चूंकि महिला को आगे की शिकायत मुरैना पुलिस अधीक्षक की जनसुनवाई में करनी थी, इसलिए कलेक्टर ने उसे जौरा से मुरैना भेजने के लिए तत्काल सरकारी वाहन उपलब्ध कराया।

कलेक्टर ने मुरैना पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा से फोन पर बात कर महिला की शिकायत से अवगत कराया और आवश्यक सहायता एवं कार्रवाई के लिए कहा। कलेक्टर की पहल से पीड़ित महिला को अपनी शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक पहुंचाने में सुविधा मिली। प्रशासन की इस संवेदनशील पहल की क्षेत्र में चर्चा हो रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित