बैतूल , जुलाई 28 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने नागरिकों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता और समयबद्ध तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, जाति प्रमाण पत्र, पेंशन, आवास, बिजली, पेयजल, सड़क तथा अतिक्रमण सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। कलेक्टर ने कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समाधान कराया, जबकि शेष प्रकरणों में समय-सीमा निर्धारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रभात पट्टन तहसील के ग्राम हिवरखेड़ निवासी अनीता सोनोने ने जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं होने की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर ने प्रभात पट्टन तहसीलदार को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम सेहरा निवासी भूरा प्रभु दयाल के भूमि पर कब्जा दिलाने संबंधी आवेदन पर एसडीएम शाहपुर को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
शाहपुर निवासी शीला नायक ने सीमांकन और रजिस्ट्री के बावजूद दूसरे पक्ष द्वारा भूमि पर फसल बोने की शिकायत की। इस मामले में तहसीलदार शाहपुर को जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं कोठी बाजार के व्यापारियों द्वारा सराय कॉम्प्लेक्स में अतिक्रमण हटाने की मांग पर नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को अतिक्रमण चिह्नित कर नियमानुसार हटाने के निर्देश दिए गए।
घोड़ाडोंगरी तहसील के ग्राम नीमपानी निवासी मुस्कान ने श्री धन्वंतरी फार्मेसी कॉलेज, देवगांव में प्रवेश निरस्त कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं भैंसदेही के ग्राम खामला निवासी शिवा ने राष्ट्रीय पशुधन योजना के तहत सब्सिडी नहीं मिलने की शिकायत की। दोनों मामलों में संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा आठनेर तहसील के ग्राम जावरा के ग्रामीणों ने गांव से हाई स्कूल तक सड़क निर्माण की मांग रखी, जिस पर संबंधित विभाग को प्रस्ताव का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में अपर कलेक्टर वंदना जाट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम है, इसलिए सभी आवेदनों का संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित